OLX पर एसी बेचने के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी, वाराणसी पुलिस ने शातिर आरोपी को दबोचा

कमिश्नरेट वाराणसी की साइबर सेल की प्रतिबिंब टीम ने OLX और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एसी व घरेलू सामान बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को थाना सिगरा क्षेत्र स्थित एक होटल से पकड़ा गया। उसके कब्जे से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, चेकबुक और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त अपराध नीतू कादयान, अपर पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम नृपेन्द्र और सहायक पुलिस आयुक्त साइबर क्राइम विदुष सक्सेना के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

OLX समेत अन्य प्लेटफॉर्म से करता था ठगी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान जलादी नागराजू पुत्र जलादी वीरय्या निवासी नरकोडुर गांव, चेब्रोलु मंडल, जनपद गुंटूर, आंध्र प्रदेश के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 38 वर्ष बताई जा रही है।

जांच में सामने आया कि आरोपी OLX समेत अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एसी और घरेलू सामान बेचने के फर्जी विज्ञापन पोस्ट करता था। वह ग्राहकों को कम कीमत का लालच देकर पहले ऑनलाइन भुगतान कराता और पैसा मिलते ही मोबाइल नंबर बंद कर फरार हो जाता था। पहचान छिपाने के लिए वह अलग-अलग मोबाइल नंबर, सिम कार्ड और IMEI नंबर का इस्तेमाल करता था।

शहर बदलकर होटलों में रुकता था आरोपी

पुलिस ने बताया कि आरोपी भुगतान लेने के लिए गेमिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े QR कोड का उपयोग करता था, जिससे बैंक खातों की असली जानकारी छिपी रहे। वह लगातार शहर बदलकर होटलों में रुकता था और वहीं से साइबर ठगी (OLX) की वारदातों को अंजाम देता था।

पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2015 से ऑनलाइन ठगी करने की बात स्वीकार की है। जांच में उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों से ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की 73 शिकायतें सामने आई हैं। समन्वय पोर्टल पर उसके मोबाइल फोन के IMEI नंबर से डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी शिकायतों की जानकारी भी मिली है, जिसकी पुलिस गहन जांच कर रही है।

अब तक की जांच में करीब 1.25 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles