Varanasi: जिले के जवाहर नगर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में निजी स्कूलों की बढ़ती फीस और मनमानी के खिलाफ आवाज उठाते हुए “काशी अभिभावक संघ” का गठन किया गया। बैठक में अभिभावकों ने आरोप लगाया कि प्राइवेट स्कूल फीस, किताब, स्टेशनरी, ड्रेस और अन्य गतिविधियों के नाम पर अत्यधिक शुल्क वसूल रहे हैं, जिससे अभिभावक और छात्र दोनों परेशान हैं।
जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा ज्ञापन
बैठक (Varanasi) में यह निर्णय लिया गया कि 15 अप्रैल को अभिभावक संघ का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी, वाराणसी से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा और समस्याओं के समाधान की मांग करेगा।
Varanasi: ये हैं प्रमुख मांगें
अभिभावक संघ ने अपनी मांगों में कई महत्वपूर्ण बिंदु शामिल किए हैं—
- सभी निजी स्कूल अपनी फीस का पूरा विवरण अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक करें
- री-एडमिशन फीस को समाप्त कर उसे मासिक शुल्क में समाहित किया जाए
- एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकें अनिवार्य रूप से लागू हों
- 25% आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित किया जाए और उनसे कोई शुल्क न लिया जाए
बैठक में मौजूद अभिभावकों (Varanasi) ने कहा कि शिक्षा के नाम पर हो रही इस मनमानी को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके खिलाफ संगठित होकर आंदोलन चलाया जाएगा।
बैठक में डॉ. शम्मी कुमार सिंह (अधिवक्ता), अभिषेक श्रीवास्तव ‘गोलू’ (महानगर मंत्री, हिंदू युवा वाहिनी वाराणसी), राजेश सिंह, काशी सिंह, जितेंद्र सिंह, देवेंद्र पांडेय, राहुल नागवानी, अंकित सेठ और गणेश रावत सहित कई अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन राजेश सिंह राजपूत ने किया।

