Weather news: काशी समेत पूरे पूर्वांचल में गर्मी ने इस बार समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अप्रैल महीने में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित होने लगा है। गुरुवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 40.1°C दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन चढ़ते ही बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। दोपहर के समय बाजार और सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। लोगों को शरीर में जलन, थकान और कमजोरी की शिकायत बढ़ रही है। खासकर बुजुर्ग, बच्चे और दिहाड़ी मजदूर इस भीषण गर्मी से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
पछुआ हवा बना रही हालात और कठिन
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भू-भौतिकी विभाग के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार पछुआ हवा के प्रभाव से तापमान (Weather News) लगातार बढ़ रहा है। करीब 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही यह हवा वातावरण को और अधिक गर्म बना रही है, जिससे गर्मी का असर तेज हो गया है।
Weather News: अगले सप्ताह और बढ़ेगी तपिश
मौसम विभाग के अनुसार, यदि वर्तमान स्थिति बनी रही तो अगले सप्ताह तक तापमान 42°C तक पहुंच सकता है। फिलहाल किसी सक्रिय मौसम प्रणाली (Weather News) के संकेत नहीं हैं, इसलिए बारिश की संभावना भी नहीं दिख रही है। ऐसे में गर्मी और बढ़ने की आशंका है।
लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है—
- दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें
- अधिक मात्रा में पानी पिएं
- हल्के और सूती कपड़े पहनें
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें

