वाराणसी | 28 नवंबर 2026
काशी और तमिलनाडु के बीच प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित काशी तमिल संगमम् 5.0 के प्रथम समूह ने शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से सभी अतिथियों का पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया गया।
मंदिर परिसर में पुष्पवर्षा और डमरू वादन के बीच समूह के सदस्यों का अभिनंदन किया गया। इस भव्य स्वागत से अतिथियों को काशी की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली।
स्वागत समारोह के बाद सभी सदस्यों ने बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन किया। दर्शन के उपरांत मंदिर प्रशासन की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्रम और रुद्राक्ष की माला भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके बाद अतिथियों को श्री काशी विश्वनाथ धाम के भव्य परिसर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें धाम के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व, स्थापत्य कला, आधुनिक सुविधाओं और निरंतर विकसित होते स्वरूप के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
काशी तमिल संगमम् 5.0 के प्रथम समूह का यह दौरा काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह आयोजन उत्तर और दक्षिण भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत तथा आध्यात्मिक एकता का प्रतीक है।

