वाराणसी में आयोजन को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव, सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक राजघाट पुल पर केवल बाइक सवारों को मिलेगी अनुमति।
वाराणसी। उत्तर और दक्षिण भारत की प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को एक सूत्र में जोड़ने वाला महाआयोजन ‘काशी-तमिल संगमम 5.0’ शनिवार वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन के उद्घाटन समारोह को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किया गया है।
यातायात व्यवस्था के तहत राजघाट पुल पर सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक छह घंटे का डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान पुल पर केवल दोपहिया वाहनों यानी बाइक सवारों को आवागमन की अनुमति दी गई है। अन्य वाहनों के लिए यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
काशी-तमिल संगमम का उद्देश्य उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करना है। इस आयोजन के माध्यम से दोनों क्षेत्रों की समृद्ध परंपराओं, कला और संस्कृति को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
वाराणसी में इस आयोजन को लेकर तैयारियां की गई हैं। वहीं, आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं।

