Varanasi के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मड़ौली इलाके का है, जहां बदमाशों ने एक ड्राई फ्रूट गोदाम को निशाना बनाते हुए जाली काटकर लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
Varanasi: जाली काटकर अंदर घुसे बदमाश
जानकारी के मुताबिक मड़ौली निवासी आकाश कुमार केशरी का नाथूपुर क्षेत्र में “वीवी मार्ट” नाम से प्रतिष्ठान संचालित होता है, जबकि उनका ड्राई फ्रूट गोदाम मड़ौली में स्थित है। बुधवार देर रात चोर गोदाम की जाली काटकर अंदर घुस गए और वहां रखे काजू, बादाम समेत अन्य महंगे ड्राई फ्रूट चोरी कर फरार हो गए।
गुरुवार सुबह जब व्यापारी गोदाम पहुंचे तो घटना (Varanasi) की जानकारी हुई। गोदाम के अंदर बिखरा सामान और टूटी जाली देखकर चोरी की आशंका हुई, जिसके बाद तत्काल मंडुवाडीह पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
व्यापारी ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। उनके अनुसार चोर करीब तीन लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्रीय व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि मंडुवाडीह क्षेत्र में बाइक चोरी, साइबर फ्रॉड, मारपीट और चोरी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। इससे अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अब तालाबंद मकान और व्यापारिक प्रतिष्ठान भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन (Varanasi) से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की निगरानी करने और जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग की है।

