लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने नोएडा से जुड़े पुराने अंधविश्वास पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कैसे मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें भी नोएडा न जाने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने इस मान्यता को नकारते हुए वहां जाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया।
सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि पहले यह धारणा बनी हुई थी कि जो भी मुख्यमंत्री नोएडा जाता है, उसकी कुर्सी चली जाती है। इसी वजह से कई मुख्यमंत्रियों ने अपने पूरे कार्यकाल में नोएडा जाने से परहेज किया।
उन्होंने कहा, “मुझे भी कहा गया कि नोएडा मत जाइए, लेकिन मैंने पूछा कि क्या नोएडा उत्तर प्रदेश से बाहर है? जब एक दिन कुर्सी जानी ही है तो उसके मोह में क्यों पड़ना?”
योगी ने बताया कि उन्होंने इस अंधविश्वास को तोड़ा और अपने पहले कार्यकाल में कई बार नोएडा का दौरा किया। न केवल उन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया, बल्कि दोबारा मुख्यमंत्री बनकर इस मिथक को पूरी तरह खत्म कर दिया।
घर खरीदारों की समस्या बनी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नोएडा पहुंचने पर उन्हें बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा। लाखों घर खरीदार वर्षों से अपने मकानों का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने (CM Yogi) कहा कि करीब 4 लाख लोग ऐसे थे, जिन्होंने अपनी जीवनभर की कमाई बिल्डरों को दे दी थी, लेकिन उन्हें घर नहीं मिला। कई इमारतें अधूरी और जर्जर हालत में खड़ी थीं।
CM Yogi: अथॉरिटी कर्ज में, खरीदार परेशान
सीएम योगी ने बताया कि जब उन्होंने नोएडा अथॉरिटी और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ बैठक की, तो पता चला कि दोनों संस्थाएं भारी कर्ज में डूबी थीं। एक अथॉरिटी पर लगभग 6000 करोड़ रुपये और दूसरी पर 3000 करोड़ रुपये का कर्ज था। उन्होंने कहा, “उस समय स्थिति ऐसी थी कि खरीदार, बिल्डर और अथॉरिटी—तीनों ही परेशान थे।”
मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने बताया कि उनकी सरकार ने नीतिगत सुधार किए, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया और बिल्डरों को जवाबदेह बनाया। इसके परिणामस्वरूप अब तक करीब 4 लाख लोगों को उनके घर मिल चुके हैं। इतना ही नहीं, जो अथॉरिटी पहले घाटे में थीं, वे अब हजारों करोड़ रुपये के सरप्लस में पहुंच गई हैं। योगी ने कहा कि आज ग्रेटर नोएडा और नोएडा देश के प्रमुख निवेश और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के केंद्र बन चुके हैं।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
इस दौरान सीएम योगी (CM Yogi) ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले अंधविश्वास के कारण नोएडा नहीं जाते थे, वही आज विकास की बात कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के समय विकास कार्यों में बाधाएं डाली गईं, जबकि वर्तमान सरकार ने बाधाओं को दूर कर प्रदेश को नई दिशा दी है।

