अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (AVBP) की काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई ने कृषि विज्ञान संस्थान के बाल गंगाधर तिलक छात्रावास में एक छात्र के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। परिषद कार्यकर्ताओं ने कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक कार्यालय का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
AVBP परिषद का आरोप है कि छात्रावास के वार्डन सहायक आचार्य सैकत मांझी ने एक छात्र के साथ अमानवीय व्यवहार किया। एबीवीपी के अनुसार, वार्डन कथित तौर पर रात में नशे की हालत में छात्र के कमरे में पहुंचे, उसका कॉलर पकड़कर अभद्रता की और छात्र द्वारा बनाए गए भोजन को डस्टबिन में फेंक दिया। आरोप यह भी है कि छात्र के बर्तन जब्त कर कमरे पर ताला लगा दिया गया, जिसके कारण छात्र को पूरी रात छात्रावास परिसर के मैदान में बितानी पड़ी।
AVBP बीएचयू इकाई के अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि छात्रावास छात्रों के सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन के लिए होते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं विश्वविद्यालय की छवि को धूमिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
परिषद के पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रावास में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। भीषण गर्मी के बावजूद पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है और मेस संचालन भी अव्यवस्थित है। छात्रों को रोजमर्रा की आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
AVBP की प्रमुख मांगें
- सहायक आचार्य सैकत मांझी को तत्काल प्रभाव से पद से हटाया जाए।
- छात्र के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए।
- छात्रावास की मेस और कैंटीन व्यवस्था को नियमित और बेहतर बनाया जाए।
- प्रथम और द्वितीय तल पर पीने के पानी एवं वॉटर कूलर की तत्काल व्यवस्था की जाए।
प्रदर्शन के दौरान ABVP कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

