BHU अस्पताल और ट्रामा सेंटर में शुरू हुई मुफ्त हाई-स्पीड Wi-Fi सेवा, महापौर ने किया शुभारंभ

स्मार्ट सिटी की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम वाराणसी ने गुरुवार को सर सुंदरलाल चिकित्सालय (BHU) और ट्रॉमा सेंटर में नि:शुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई सेवा की शुरुआत कर दी। इस सेवा का शुभारंभ महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया।

इस पहल के साथ अब वाराणसी के चार प्रमुख सार्वजनिक स्थानों—अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, BHU अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर—पर लोगों को मुफ्त हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध होगी।

QR कोड स्कैन करते ही मिलेगा इंटरनेट

नगर निगम ने सभी वाई-फाई ज़ोन में विशेष सूचना बोर्ड लगाए हैं, जिन पर QR कोड उपलब्ध कराया गया है। मरीज, तीमारदार, छात्र, शोधार्थी और आम नागरिक अपने मोबाइल से इस QR कोड को स्कैन कर कुछ ही सेकेंड में मुफ्त इंटरनेट सेवा का लाभ उठा सकेंगे।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट लोगों की बुनियादी जरूरत बन चुका है। उन्होंने बताया कि BHU अस्पताल में आने के दौरान उन्होंने स्वयं महसूस किया था कि यहां मुफ्त इंटरनेट सुविधा की आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को लागू किया गया।

बीएसएनएल संभालेगा पूरी व्यवस्था

इस वाई-फाई नेटवर्क के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) को सौंपी गई है। बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नेटवर्क की स्पीड और कवरेज को इस तरह तैयार किया गया है कि अस्पताल या घाटों पर अधिक भीड़ होने की स्थिति में भी इंटरनेट सेवा बाधित न हो और उपयोगकर्ताओं को निर्बाध कनेक्टिविटी मिलती रहे।

BHU मरीजों और छात्रों को होगा बड़ा लाभ

BHU के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि यह सुविधा मरीजों के परिजनों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। इससे सूचना का आदान-प्रदान आसान होगा और डिजिटल सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी। वहीं ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. सौरभ सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में मुफ्त वाई-फाई जैसी सुविधाएं नागरिकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं और इससे अस्पताल आने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।

स्मार्ट सिटी की दिशा में अहम पहल

नगर निगम का कहना है कि यह पहल वाराणसी को डिजिटल रूप से सशक्त और आधुनिक स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में शहर के अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में पार्षद रवींद्र सिंह, अक्षैवर सिंह, सुरेश पटेल, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.के. गुप्ता, बीएसएनएल के उप मंडल अभियंता अभिजित कुमार साहा सहित नगर निगम, BHU और बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles