श्रद्धा, सेवा और समर्पण, Amarnath Yatra में फिर दिखेगा काशी का अनूठा योगदान, चंदनबाड़ी में 26वां सेवा भंडारा, 28 जून को निकलेगी बाइक रैली

काशी एक बार फिर बाबा बर्फानी (Amarnath Yatra) के भक्तों की सेवा के लिए तैयार है। श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति की ओर से इस वर्ष भी जम्मू-कश्मीर के अमरनाथ यात्रा मार्ग स्थित चंदनबाड़ी आधार शिविर में 26वें विशाल सेवा भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यह भंडारा जुलाई से रक्षाबंधन तक लगातार संचालित रहेगा, जहां देशभर से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन, आवास और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह बंटी ने शिवाला स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि सेवा अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 20 जून को 10 सदस्यीय पहला सेवादार दल चंदनबाड़ी पहुंचकर टेंट और शिविर तैयार (Amarnath Yatra) करने के कार्य में जुट चुका है। वहीं, 28 जून को 70 सदस्यीय दूसरा सेवा दल विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में बेगमपुरा एक्सप्रेस से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगा।

300 से 400 बाइकों की निकलेगी भव्य शिव रैली

सेवादारों के प्रस्थान से पहले 28 जून की सुबह 7:30 बजे लक्सा स्थित एक होटल (कौड़िया अस्पताल के सामने) से 300 से 400 बाइकों की विशाल रैली निकाली जाएगी। रैली में भगवान शिव के हिम स्वरूप शिवलिंग की झांकी और डमरू दल विशेष आकर्षण होंगे।

यह रैली लक्सा, भेलूपुर, शिवाला, सोनारपुरा, गोदौलिया, बांसफाटक, चौक, मैदागिन और लहुराबीर होते हुए वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” के जयघोष और डमरू की गूंज से माहौल शिवमय रहेगा।

बनारसी स्वाद के साथ मिलेगी सेवा की मिठास

चंदनबाड़ी शिविर में श्रद्धालुओं (Amarnath Yatra) के लिए बनारसी कचौड़ी, जलेबी, ठंडाई और पान की विशेष व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा पूड़ी-सब्जी, दाल-चावल, पावभाजी, इडली, मसाला डोसा, दूध सहित कई प्रकार के पौष्टिक भोजन यात्रा अवधि के दौरान निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

300 श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था

समिति ने यात्रियों (Amarnath Yatra) के लिए लगभग 300 लोगों के ठहरने की व्यवस्था भी की है। शिविर में कंबल, जूते, मोजे, स्वेटर, शॉल, टोपी, मास्क सहित अन्य आवश्यक सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कठिन मौसम में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत

दिलीप सिंह बंटी ने कहा कि हाल की घटनाओं के बावजूद अमरनाथ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित है। इस बार यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है तथा चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात हैं। उन्होंने बताया कि जिन श्रद्धालुओं (Amarnath Yatra) का पूर्व पंजीकरण नहीं हो पाया है, वे जम्मू, श्रीनगर और पहलगाम में ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण कर यात्रा में शामिल हो सकते हैं।

गुजरात से भी पहुंचेगा सेवा दल

समिति के अनुसार 10 जुलाई को राजकोट (गुजरात) से भी एक सेवा दल गुजराती व्यंजनों के साथ चंदनबाड़ी पहुंचेगा, जिससे विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को विविध प्रकार के भोजन का लाभ मिलेगा।

26 वर्षों से जारी है सेवा का संकल्प

श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति पिछले 26 वर्षों से अमरनाथ यात्रियों की निःस्वार्थ सेवा कर रही है। हर वर्ष काशी से बड़ी संख्या में सेवादार चंदनबाड़ी पहुंचकर भोजन, आवास और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराते हैं।

समिति ने काशीवासियों और शिवभक्तों से अपील की है कि वे 28 जून की सुबह आयोजित बाइक रैली में शामिल होकर सेवादारों का उत्साहवर्धन करें और बाबा बर्फानी की सेवा यात्रा को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। इस सेवा अभियान (Amarnath Yatra) को विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं और समाजसेवियों का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे काशी की सेवा परंपरा एक बार फिर अमरनाथ यात्रा में अपनी विशिष्ट पहचान छोड़ने जा रही है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles