Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर प्रशासन ने एक बार फिर ध्वस्तीकरण अभियान तेज कर दिया है। मुहर्रम के दौरान कुछ दिनों के लिए रोकी गई कार्रवाई सोमवार को दोबारा शुरू हुई। पूरे अभियान के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा के बीच बुलडोजर से चिन्हित भवनों को हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य तय योजना के अनुसार किया जा रहा है और सभी कार्रवाई नियमानुसार पूरी की जा रही है।
187 में से 140 भवनों पर चल चुकी है कार्रवाई
दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना (Varanasi) के तहत कुल 187 जर्जर भवनों और मकानों को ध्वस्तीकरण के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें से अब तक 140 भवनों को हटाया जा चुका है। शेष भवनों पर भी चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। एसीपी अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि दालमंडी में ध्वस्तीकरण का कार्य फिर से शुरू कर दिया गया है। अभियान के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
प्रशासन ने मुहर्रम को देखते हुए कुछ समय के लिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई स्थगित कर दी थी। शिया समुदाय की ओर से पर्व के दौरान अभियान रोकने की मांग की गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने धार्मिक आयोजन संपन्न होने तक कार्रवाई पर अस्थायी रोक लगा दी थी। अब मुहर्रम समाप्त होने के बाद दोबारा अभियान शुरू कर दिया गया है।
Varanasi: मॉडल सड़क के रूप में होगा विकसित
दालमंडी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल सड़क के रूप में विकसित करने की योजना है। इस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 51वें काशी दौरे के दौरान किया था। राज्य सरकार ने इस योजना के लिए 215.88 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। परियोजना(Varanasi) के तहत प्रभावित 186 भवन और दुकान मालिकों को करीब 191 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में दिए जाएंगे।
लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के अनुसार नई सड़क से चौक थाना तक करीब 650 मीटर लंबी दालमंडी सड़क को 60 फीट चौड़ा किया जाएगा। इसमें 30 फीट चौड़ी मुख्य सड़क और दोनों ओर 15-15 फीट चौड़ी पटरी बनाई जाएगी। परियोजना (Varanasi) के तहत बिजली, पेयजल और सीवर लाइन जैसी सभी प्रमुख सुविधाओं को भूमिगत किया जाएगा। साथ ही वर्षों से मौजूद बिजली के तारों के जाल को भी हटाकर क्षेत्र को व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा।
220 करोड़ की परियोजना से बदलेगी दालमंडी की तस्वीर
नई सड़क से चौक थाना (Varanasi) तक की 650 मीटर लंबी सड़क को लगभग 17.5 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव पहले ही स्वीकृत हो चुका है। इस परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतिम दिन करीब 215 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया था, जबकि शुरुआती कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये भी जारी किए जा चुके हैं।
प्रशासन (Varanasi) का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद दालमंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, जाम की समस्या कम होगी और स्थानीय लोगों के साथ व्यापारियों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

