Varanasi: अयोध्या के राम मंदिर में कथित चंदा अनियमितता के मुद्दे पर सियासी घमासान अब पोस्टर वॉर तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में समाजवादी पार्टी नेताओं की ओर से लगाए गए पोस्टर इन दिनों चर्चा का विषय बने हुए हैं। पोस्टरों में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को धनुष-बाण के साथ दर्शाते हुए राम मंदिर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार पर निशाना साधा गया है।
शहर के लहुराबीर से कचहरी मार्ग तक कई स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों पर लिखा है, “राम मंदिर में जो चोरी करेगा, अखिलेश यादव का धनुष उसे धराशायी करेगा।” पोस्टरों में अयोध्या स्थित राम मंदिर की तस्वीर के साथ समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का चित्र भी लगाया गया है। साथ ही अखिलेश यादव के जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह पोस्टर समाजवादी पार्टी के नेताओं मनोज यादव उर्फ गोलू और शुभम यादव की ओर से लगाए गए हैं। प्रमुख चौराहों और सड़कों (Varanasi) पर लगे इन पोस्टरों ने राहगीरों के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज कर दी है।
Varanasi: धर्म के नाम पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं
पोस्टर लगाने वाले सपा नेताओं का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी धार्मिक भावना (Varanasi) को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि धर्म के नाम पर होने वाले कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना है। उनका कहना है कि आस्था से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए और यदि किसी तरह की अनियमितता के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होना जरूरी है। सपा नेताओं ने यह भी दावा किया कि विपक्ष द्वारा लगातार मुद्दा उठाए जाने के बाद ही जांच और एफआईआर जैसी कार्रवाई की नौबत आई।
राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा विवाद को लेकर शुरू हुई राजनीतिक बयानबाजी अब पोस्टरों के माध्यम से भी दिखाई देने लगी है। ऐसे में वाराणसी (Varanasi) की दीवारों पर लगे ये पोस्टर प्रदेश की सियासत में नई चर्चा का केंद्र बन गए हैं।

