वाराणसी में मंगलवार को यूपी STF की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुद को आर्मी अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करने वाले एक शातिर व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान धर्मेंद्र पांडेय के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर स्थित ब्रिज एनक्लेव कॉलोनी से STF की टीम ने आरोपी को दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि धर्मेंद्र पांडेय खुद को आर्मी इंटेलिजेंस का अधिकारी बताकर लोगों को अपने झांसे में लेता था। वह फर्जी पहचान के जरिए लोगों को गुमराह कर अपने मंसूबों को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था।
STF को मिली थी गुप्त सूचना
यूपी STF को आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों की पहले ही सूचना मिल चुकी थी। इसके बाद टीम ने सक्रिय होकर मुखबिरों और खुफिया इनपुट के आधार पर जाल बिछाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ ने आरोपी के पास से सेना का फर्जी पहचान पत्र, दो पैन कार्ड और अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं। माना जा रहा है कि इन्हीं दस्तावेजों के जरिए वह लोगों को विश्वास में लेकर ठगी करता था।
फिलहाल STF आरोपी के नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं और अब तक कितने लोगों को ठगा गया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और इस तरह के फर्जीवाड़े से सतर्क रहें।

