वाराणसी में मंगलवार को MP के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं और एसओपी का अध्ययन किया।
MP के सीएम मोहन यादव इसके बाद होटल रमाडा में आयोजित एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां वे कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आयोजित होने वाले ‘विक्रमोत्सव’ महानाट्य मंचन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया, जो 3 अप्रैल से शुरू होगा।
MP के सीएम ने की कॉरिडोर की सराहना
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर की सराहना करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है।
उन्होंने बताया कि MP-UP सहयोग सम्मेलन 2026 के तहत दोनों राज्यों की औद्योगिक क्षमताओं, पारंपरिक शिल्प, ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों, कृषि एवं खाद्य उत्पादों, निवेश अवसरों और पर्यटन संभावनाओं को एक साझा मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इससे आर्थिक सहयोग और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
सम्मेलन स्थल पर लगने वाली प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश के ओडीओपी उत्पाद, जीआई टैग हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्र और औद्योगिक संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य निवेशकों और प्रतिभागियों को सीधे जोड़ना और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

