Varanasi: राजकीय पीएम श्री क्वींस इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड रिजल्ट के बाद एक भावुक पल देखने को मिला, जब प्रिंसिपल सुमीत कुमार श्रीवास्तव अपने छात्र की सफलता पर खुद को रोक नहीं पाए और फोन पर बात करते हुए रो पड़े।
दरअसल, यूपी बोर्ड द्वारा 23 अप्रैल को जारी किए गए हाईस्कूल (10वीं) के परिणाम में इसी कॉलेज के छात्र सूर्यदीप प्रजापति (Varanasi) ने पूरे प्रदेश में छठा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही वह जिले के टॉपर भी बने।
2 साल के संघर्ष का नतीजा
प्रिंसिपल सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से स्कूल के माहौल को सुधारने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे थे। रिजल्ट आने के बाद प्रिंसिपल ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को फोन किया और भावुक होकर कहा—“सर, मैंने वादा किया था कि एक टॉपर दूंगा और आज वह पूरा हो गया। हमारे कॉलेज ने इतिहास बना दिया है।” उन्होंने डीएम से कॉलेज आने का अनुरोध भी किया और शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी।
IGRS शिकायत से थे आहत
प्रिंसिपल ने बताया कि रिजल्ट वाले दिन ही उनके खिलाफ IGRS पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें उन पर तानाशाही का आरोप लगाया गया था। इस बात से वह काफी आहत थे, क्योंकि वह लगातार छात्रहित में काम कर रहे थे।
Varanasi: छात्र को मिलेगा 1 लाख का इनाम
प्रिंसिपल (Varanasi) ने परीक्षा के दौरान ही घोषणा की थी कि जो छात्र प्रदेश की टॉप-10 सूची में आएगा, उसे वह अपनी सैलरी से 1 लाख रुपये का इनाम देंगे। अब उन्होंने वादा निभाते हुए टॉपर सूर्यदीप प्रजापति को 1 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
बताया जा रहा है कि लंबे समय बाद किसी सरकारी स्कूल के छात्र ने यूपी बोर्ड की टॉप-10 मेरिट सूची में जगह बनाई है। प्रिंसिपल के अनुसार, जब उन्होंने पहली बार सूर्यदीप से मुलाकात की थी, तभी उसकी प्रतिभा पहचान ली थी और उसी पर विशेष ध्यान दिया गया।

