वाराणसी में PM नरेन्द्र मोदी (PM Modi) के दो दिवसीय दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। बरेका मैदान में महिला सम्मेलन के लिए ब्लॉक बनाकर कुर्सियां लगा दी गई हैं। पूरे परिसर में लाइटिंग, मैटिंग और सजावट का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि मजदूरों और अधिकारियों की टीम अंतिम रूप देने में जुटी है।
PM के आगमन को लेकर पूरे शहर में साफ-सफाई, सड़कों का रंग-रोगन और डिवाइडरों पर पौधों की कटाई-छंटाई तेजी से कराई गई है। बरेका परिसर से लेकर प्रमुख मार्गों तक शहर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बैरिकेडिंग पूरी
कार्यक्रम स्थल और गेस्ट हाउस तक जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर वहां भी व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई हैं। पीडब्ल्यूडी, विद्युत सुरक्षा और अग्निशमन विभाग के अधिकारी सेफ्टी ऑडिट में जुटे हैं। वहीं पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
राज्यपाल और सीएम करेंगे स्वागत
PM 28 अप्रैल को बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से बरेका पहुंचेंगे और गेस्ट हाउस में ठहरेंगे।
PM अपने इस दौरे में करीब 6,350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 1,050 करोड़ से अधिक लागत की 48 पूरी हो चुकी परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की जाएंगी, जबकि लगभग 5,300 करोड़ की 112 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर और जनसुविधाओं पर जोर
मुख्य परियोजनाओं में सड़क चौड़ीकरण, रेल ओवरब्रिज, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, जल जीवन मिशन की योजनाएं, घाटों का विकास और अस्पतालों का निर्माण शामिल है। इसके साथ ही खेल, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई योजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा। रात्रि विश्राम के बाद 29 अप्रैल की सुबह PM काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके साथ ही संभावित रोड शो को देखते हुए शहर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
PM दो नई अमृत भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जो बनारस से पुणे और अयोध्या से मुंबई के बीच चलेंगी। इससे यात्रियों को किफायती और आधुनिक यात्रा का विकल्प मिलेगा और विभिन्न राज्यों के बीच संपर्क बेहतर होगा।

