Weather News: भीषण गर्मी के कहर से लोगों का हाल-बेहाल, दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी, चलेगा गंभीर हीटवेव

Weather News: वाराणसी। धर्म और अध्यात्म की नगरी वाराणसी इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि इस वर्ष पहली बार लगातार दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने 22 और 23 मई को वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में अत्यधिक गर्मी और तेज लू चलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात में भी उमस और गर्म हवाओं से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार मई महीने में ही जून-जुलाई जैसा मौसम महसूस किया जा रहा है। दिन में तपिश जून जैसी है तो रात में उमस जुलाई जैसी स्थिति पैदा कर रही है। बुधवार को वाराणसी (Weather News) में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रात 11 बजे तक तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस बना रहा। हवा में नमी 44 से 72 प्रतिशत के बीच रिकॉर्ड की गई, जिससे दिन और रात दोनों समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Weather News: शहर में तेज गर्मी का असर बरकरार

गुरुवार को भी शहर में तेज गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और गर्म हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। पूरे उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।

BHU के भू-भौतिकी विभाग के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब-हरियाणा क्षेत्र पर साइक्लोनिक स्थिति बनी हुई है। इसके कारण दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में धूल भरी आंधियां चल रही हैं, जिसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि रेड अलर्ट (Weather News) वाले दिनों में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलना बेहद खतरनाक हो सकता है। हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और चक्कर आने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं।

घाटों पर पसरा सन्नाटा

गर्मी का असर अब काशी की दिनचर्या (weather news) पर भी साफ दिखाई देने लगा है। दोपहर होते-होते घाटों के पत्थर तपने लगे और सड़कें लगभग सुनसान नजर आने लगीं। दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट, राजघाट और नमो घाट जैसे प्रमुख घाटों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ दिखाई दी। बाइक सवार चेहरे को पूरी तरह ढककर निकलते नजर आए, जबकि नगर निगम की ओर से कई इलाकों में पानी का छिड़काव कराया गया ताकि लोगों को कुछ राहत मिल सके।

मौसम विभाग ने 21 और 24 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। विशेषज्ञों ने लोगों को लगातार पानी पीने, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और अन्य घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। साथ ही बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles