PM Modi के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर वाराणसी में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। वार्ड नंबर 23 के सभासद प्रतिनिधि राम सिंह यादव उर्फ कल्लू के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शव यात्रा निकालकर अजय राय का पुतला दहन किया और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
वार्ड नंबर 23 से निकाली गई विरोध यात्रा
वार्ड नंबर 23 से निकाली गई विरोध यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने PM Modi के समर्थन में नारे लगाए और कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सभासद प्रतिनिधि राम सिंह यादव उर्फ कल्लू ने कहा कि PM Modi देश के सम्मानित नेता हैं और उन्होंने विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने का कार्य किया है। ऐसे में किसी भी राजनीतिक दल या नेता द्वारा उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और अभद्र भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
PM Modi का वाराणसी में है विशेष सम्मान
उन्होंने कहा कि वाराणसी PM Modi का संसदीय क्षेत्र है और यहां की जनता उनके प्रति विशेष सम्मान रखती है। यदि कोई नेता प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक बयान देता है तो जनता उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी। उन्होंने इस प्रदर्शन को वाराणसी की जनता की भावनाओं का प्रतीक बताया।
प्रदर्शन में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि PM Modi ने देश के विकास, गरीबों के कल्याण और वाराणसी के विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। यही वजह है कि जनता उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
राम सिंह यादव ने यह भी कहा कि यदि आगामी चुनाव में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर अजय राय को वाराणसी से उम्मीदवार बनाती है तो जनता उन्हें पहले से भी बड़े अंतर से पराजित करेगी। उन्होंने दावा किया कि वाराणसी की जनता विकास और राष्ट्रहित की राजनीति को समर्थन देती है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा और सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और अंत में अजय राय का पुतला दहन कर प्रदर्शन समाप्त किया गया।
इस अवसर पर अभय सिंह (मंडल उपाध्यक्ष), राकेश सिंह (मंडल मंत्री भाजपा), आशुतोष पांडेय (शक्ति केंद्र संयोजक, सीर गोवर्धनपुर), विनोद पटेल, गुंजन राय, भूपेंद्र राय, राहुल यादव, रवि पटेल, सुजीत पटेल, अनिल जी, आशीष गुप्ता, बबुआ तिवारी, उत्तम प्रसाद गुप्ता, बबलू साहनी, रामजी गुप्ता, किसुन पटेल और दीपक राय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

