राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (री-NEET 2026) के आयोजन को लेकर वाराणसी पूरी तरह तैयार है। रविवार को जिले के 47 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा में 25,478 से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन, पुलिस और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।
NEET परीक्षा से एक दिन पहले ही सभी परीक्षा केंद्रों को पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में सौंप दिया गया है। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता टीम और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक से होगा सत्यापन
एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रवेश से पहले फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य होगा। पहचान की पुष्टि होने के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। हालांकि यदि किसी तकनीकी खराबी, इंटरनेट समस्या या अन्य कारणों से बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो पाता है, तो अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लिखित घोषणा-पत्र लेकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।
एनटीए ने परीक्षार्थियों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर आने की सलाह दी है। बड़े बटन, अतिरिक्त जेबों या धातु युक्त वस्त्रों से बचने के निर्देश दिए गए हैं। धार्मिक मान्यताओं से जुड़े प्रतीकों जैसे पगड़ी, हिजाब, कलावा आदि की अनुमति रहेगी, लेकिन ऐसे अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचना होगा।
NEET: पुराना एडमिट कार्ड नहीं होगा मान्य
री-NEET 2026 के लिए एजेंसी ने नया प्रवेश पत्र जारी किया है। अभ्यर्थियों को केवल नवीनतम एडमिट कार्ड के साथ ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। पुराने प्रवेश पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। साथ ही फोटोयुक्त पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना भी अनिवार्य होगा।
NEET परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत भारतीय वायुसेना के विमान से वाराणसी एयरपोर्ट लाया गया। वहां से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। पूरे परिवहन और भंडारण प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी गई ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
ट्रैफिक प्रबंधन और समय से पहुंचने की अपील
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से काफी पहले NEET परीक्षा केंद्र पहुंचें, ताकि सुरक्षा जांच, दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी हो सकें। परीक्षा के दौरान शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया है।

