Varanasi: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में उन्हें शुभकामनाएं दीं। सीरगोवर्धनपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन का आयोजन किया गया और उनकी दीर्घायु व वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सफलता की कामना की गई।
इस दौरान सबसे अधिक चर्चा उस पोस्टर की रही, जिसमें अखिलेश यादव को भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में दर्शाया गया था। पोस्टर में उन्हें चार भुजाओं के साथ दिखाया गया है, जबकि पारंपरिक सुदर्शन चक्र के स्थान पर उनके हाथ में संविधान दर्शाया गया है। इस अनोखी प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
Varanasi: अजय फौजी के नेतृत्व में जारी किया गया पोस्टर
कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी युवजन सभा के प्रदेश महासचिव अजय फौजी के नेतृत्व (Varanasi) में किया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टर के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि अखिलेश यादव हमेशा न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की बात करते हैं। उनके अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने जिस प्रकार धर्म और न्याय की स्थापना के लिए संघर्ष किया, उसी तरह अखिलेश यादव भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हैं।
अजय फौजी ने कहा कि उनके लिए अखिलेश यादव श्रीकृष्ण के समान हैं। यही कारण है कि उन्हें श्रीकृष्ण के रूप में चित्रित किया गया और हाथ में सुदर्शन चक्र की जगह संविधान दिया गया, जो न्याय और लोकतांत्रिक व्यवस्था का प्रतीक है।
उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव लगातार प्रदेश (Varanasi) के महत्वपूर्ण मुद्दों, जैसे पेपर लीक, महिलाओं की सुरक्षा और अन्य जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर मुखर होकर अपनी बात रखते हैं। इसी वजह से कार्यकर्ताओं ने उनके जन्मदिन पर हवन-पूजन कर उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल राजनीतिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का भी विश्वास जताया। अजय फौजी (Varanasi) ने कहा कि जनता समाजवादी पार्टी के कार्यकाल और अखिलेश यादव की नीतियों को याद कर रही है तथा आने वाले चुनाव में प्रदेश में सपा सरकार बनने का भरोसा व्यक्त किया।

