वाराणसी शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए गेल (इंडिया) लिमिटेड ने PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) नेटवर्क का विस्तार किया है। इसी क्रम में चितईपुर स्थित डीएनएस लॉन में पहली बार पीएनजी आपूर्ति की शुरुआत की गई।
डीएनएस लॉन में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में गेल (इंडिया) लिमिटेड के महाप्रबंधक (जीएम) एवं वाराणसी सीजीडी परियोजना प्रमुख सुशील कुमार ने पीएनजी आपूर्ति का शुभारंभ किया। इस मौके पर उप महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट्स) नवाजिश अली अंसारी और मार्केटिंग विभाग से जे. आकाश सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
PNG: सिटी गैस परियोजना को मिली मजबूती
गेल के अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के तहत यह एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य शहर में स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती ईंधन की पहुंच को बढ़ाना है।
एलपीजी से मिलेगी राहत
अब तक डीएनएस लॉन में हर महीने करीब 35 एलपीजी सिलेंडरों की खपत होती थी, जो शादी और कार्यक्रमों के दौरान और बढ़ जाती थी। PNG कनेक्शन मिलने से अब—
- गैस की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित होगी
- सुरक्षा स्तर बेहतर होगा
- परिचालन लागत में कमी आएगी
- पर्यावरण के अनुकूल ईंधन का उपयोग होगा
इसके साथ ही एलपीजी सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन और बार-बार रिफिलिंग की झंझट से भी पूरी तरह छुटकारा मिल जाएगा।
गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा किया जा रहा यह विस्तार शहर को स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और घरों को भी इस नेटवर्क से जोड़ने (PNG) की योजना है।

