UP में 2027 विधानसभा चुनावों की आहट के साथ जातीय और क्षेत्रीय राजनीति के समीकरण तेजी से बदलते दिखाई दे रहे हैं। ब्राह्मण और ठाकुर नेताओं की बैठकों के बीच अब पूर्वांचल की राजनीति में भूमिहार नेतृत्व को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। इस चर्चा को और बल तब मिला जब घोसी के पूर्व सांसद अतुल राय ने कांग्रेस नेता अजय राय से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। यह मुलाकात लखनऊ स्थित मेदंता हॉस्पिटल में हुई, जहां अतुल राय ने अजय राय का हालचाल जाना।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को सिर्फ शिष्टाचार नहीं, बल्कि पूर्वांचल में भूमिहार राजनीति के नए संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
कभी प्रतिद्वंद्वी रहे नेता अब दिख रहे साथ
सियासी तौर पर अतुल राय और अजय राय (UP) को लंबे समय तक अलग ध्रुवों का नेता माना जाता रहा है। लेकिन हाल के घटनाक्रमों ने यह संकेत दिया है कि दोनों नेता अब एक साझा सामाजिक और राजनीतिक आधार तैयार करने की कोशिश कर सकते हैं। अतुल राय ने अपने पोस्ट में अजय राय को संघर्षशील और विपरीत परिस्थितियों में भी डटे रहने वाला नेता बताया। इससे राजनीतिक चर्चाओं को और हवा मिल गई।
अजय राय करीब चार दशक से सक्रिय राजनीति में हैं और पांच बार विधायक रह चुके हैं। वहीं अपेक्षाकृत युवा चेहरे के रूप में उभरे अतुल राय ने कम समय में पूर्वांचल की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है।
UP: युवा चेहरा और अनुभव का मेल
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अतुल राय की युवा वर्ग में पकड़ और अजय राय का अनुभव, दोनों मिलकर पूर्वांचल की राजनीति में नई ताकत बन सकते हैं। अतुल राय ने 2017 में अपने शुरुआती चुनाव में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश सिंह को कड़ी चुनौती देकर राजनीतिक (UP) पहचान बनाई थी। उनकी पकड़ सिर्फ भूमिहार वोटरों तक सीमित नहीं मानी जाती, बल्कि युवाओं, मुस्लिम और पिछड़े वर्गों में भी उनकी सक्रियता की चर्चा होती रही है। कोरोना महामारी के दौरान मेडिकल सहायता और सामाजिक गतिविधियों के कारण भी उनका नाम क्षेत्र में चर्चित रहा।
बीजेपी के लिए क्यों बढ़ सकती है चुनौती?
पूर्वांचल में बीजेपी के सामने भूमिहार नेतृत्व को लेकर लंबे समय से चुनौती की चर्चा होती रही है। कृष्णानंद राय की हत्या और मनोज सिन्हा के जम्मू-कश्मीर का उपराज्यपाल बनने के बाद पूर्वांचल में भूमिहार नेतृत्व का एक बड़ा खालीपन महसूस किया गया। गाजीपुर, बलिया, मऊ और आजमगढ़ जैसे जिलों (UP) में भूमिहार वोटरों की प्रभावी संख्या मानी जाती है, लेकिन कई इलाकों में बीजेपी का प्रदर्शन कमजोर रहा है।
राजनीतिक चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि 2024 लोकसभा चुनाव में Narendra Modi के खिलाफ वाराणसी सीट पर अजय राय को भूमिहार समाज का उल्लेखनीय समर्थन मिला था, जिससे जीत का अंतर अपेक्षा से कम हुआ। यदि भविष्य में अतुल राय खुलकर अजय राय के समर्थन में आते हैं, तो इससे पूर्वांचल की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं।
मुख्तार अंसारी विरोध भी जोड़ता है कड़ी
राजनीतिक विश्लेषण में एक और महत्वपूर्ण पहलू दोनों नेताओं का बाहुबली रहे मुख़्तार अंसारी के खिलाफ राजनीतिक रुख को माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अतुल राय ने मुख्तार अंसारी परिवार के प्रभाव वाले क्षेत्र में चुनाव जीतकर (UP) अपनी पहचान बनाई थी। वहीं अजय राय के बड़े भाई अवधेश राय की हत्या के मामले में मुख्तार अंसारी को सजा हो चुकी है। यही कारण है कि दोनों नेताओं को एक साझा राजनीतिक धुरी पर देखने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
2027 से पहले बढ़ेगी राजनीतिक सक्रियता
अब सवाल यह है कि क्या अतुल राय और अजय राय भविष्य में भूमिहार नेतृत्व को एक मंच पर लाने में सफल हो पाएंगे या नहीं। इसके साथ ही यह भी चर्चा का विषय है कि अतुल राय आने वाले विधानसभा चुनाव (UP) में स्वयं मैदान में उतरेंगे या परिवार के किसी सदस्य को चुनाव लड़ाएंगे। पूर्वांचल की राजनीति लगातार नए मोड़ ले रही है और आने वाले समय में भूमिहार वोट बैंक किस दिशा में जाएगा, इस पर सभी राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।

