PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश ने देशभर में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री डॉ. ए.के. शर्मा ने शनिवार को वाराणसी में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। इसी का नतीजा है कि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) द्वारा घोषित राष्ट्रीय पुरस्कारों में उत्तर प्रदेश ने चार में से तीन श्रेणियों में पहला स्थान प्राप्त किया है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू की गई PM सूर्य घर योजना ने प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा को नई दिशा दी है। इसके साथ ही लोगों को बिजली बिल में राहत मिलने के साथ अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर भी उपलब्ध हुआ है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विभागीय अधिकारियों, बैंकों, वेंडर्स और योजना से जुड़े सभी सहयोगियों को बधाई दी।
वाराणसी को देश में नंबर-1 बनाने की तैयारी
सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान वाराणसी जिले में योजना की प्रगति का भी आकलन किया गया। मंत्री ने बताया कि वर्तमान में वाराणसी राष्ट्रीय स्तर पर 11वें स्थान पर है। जिले को शीर्ष स्थान तक पहुंचाने के लिए विशेष रणनीति बनाई जा रही है और इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता और विभागीय प्रयासों के बल पर वाराणसी जल्द ही देश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा।
‘सोलर दीदी’ और ‘सोलर सखी’ बन रहीं आत्मनिर्भरता की मिसाल
बैठक में महिलाओं को सौर ऊर्जा क्षेत्र से जोड़ने के प्रयासों की भी सराहना की गई। ऊर्जा मंत्री ने हनुमंत रिन्यूएबल्स द्वारा संचालित ‘सोलर दीदी’ और ‘सोलर सखी’ पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि PM के इस पहल के तहत महिलाओं को 14 हजार रुपये से अधिक मासिक वेतन पर रोजगार दिया जा रहा है। साथ ही यूपी नेडा और डूडा द्वारा प्रत्येक सोलर इंस्टॉलेशन पर अतिरिक्त एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया गया है, जिससे महिलाओं की आय में और वृद्धि होगी।
PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का मिल रहा लाभ
डॉ. शर्मा ने बताया कि PM सूर्य घर योजना के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। घरों की छतों पर लगाए जा रहे सोलर पैनलों से न केवल बिजली की खपत का खर्च कम हो रहा है, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन के जरिए लोग आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली आपूर्ति व्यवस्था लगातार बेहतर हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 20 से 21 घंटे तथा शहरी क्षेत्रों में चौबीसों घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि खराब मौसम या आंधी-तूफान के कारण यदि कहीं विद्युत लाइनें प्रभावित होती हैं तो विभाग की टीमें तत्काल मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने का कार्य करती हैं।
पत्रकार वार्ता के दौरान सौर ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों, एजेंसियों और संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में PM सूर्य घर योजना प्रदेश में हरित ऊर्जा क्रांति को और गति प्रदान करेगी।

