वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) में प्रॉक्टोरियल बोर्ड के गार्डों को बड़ी राहत मिली है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनकी ड्यूटी अवधि को घटाकर 12 घंटे से 8 घंटे कर दिया है। यह नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी के हस्तक्षेप के बाद यह निर्णय लिया गया। लंबे समय से गार्ड ड्यूटी के घंटों को कम करने की मांग कर रहे थे, जिसे अब स्वीकार कर लिया गया है। अब तक गार्डों को 12 घंटे या उससे अधिक समय तक लगातार ड्यूटी करनी पड़ती थी, जो न केवल श्रम कानूनों के खिलाफ मानी जा रही थी, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण से भी अनुचित थी।
नई व्यवस्था से मिलेगा संतुलन
प्रशासन के अनुसार अब गार्डों की शिफ्ट 8-8 घंटे की होगी, जिससे कार्य (BHU) का बेहतर संतुलन बन सकेगा। इसके लिए ड्यूटी रोस्टर में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि ड्यूटी समय कम होने से गार्डों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और उनके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
इस फैसले का गार्डों और कर्मचारी संगठनों (BHU) ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि यह निर्णय कर्मचारियों के हित में है और इससे विश्वविद्यालय में बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

