वाराणसी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ABVP के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी नेशनल तेत्स एजेंसी (NTA) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और धांधली के मामलों को लेकर गहरी नाराजगी जताई तथा NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
ABVP: पेपर लीक की घटनाओं से क्षुब्ध हुए छात्र
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ABVP पदाधिकारी शिवम तिवारी ने कहा कि NTA द्वारा आयोजित कई प्रमुख परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र पूरे साल मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा व्यवस्था की खामियों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र पर यदि कोई छात्र कुछ मिनट की देरी से पहुंचता है तो उसे प्रवेश नहीं दिया जाता, लेकिन जब परीक्षाएं स्थगित होती हैं या पेपर लीक होते हैं तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की जाती। इसे उन्होंने छात्रों के साथ अन्याय बताया।
प्रदर्शन के दौरान ABVP वाराणसी महानगर के कार्यकर्ताओं ने NTA और उसके महानिदेशक का पुतला फूंका तथा जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष CBI जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिवम तिवारी ने कहा कि NTA को तत्काल भंग कर नई और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, ताकि छात्रों का भरोसा दोबारा कायम हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो छात्र आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

