उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती (UP Police) परीक्षा सोमवार से वाराणसी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो गई। जिले के 50 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में लगभग 1.32 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है तथा सभी केंद्रों की निगरानी अत्याधुनिक एआई आधारित कैमरों के माध्यम से की जा रही है।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश देने से पहले सघन जांच की गई। सुरक्षा कर्मियों ने उम्मीदवारों के कपड़ों, जूतों और अन्य सामानों की जांच की। कई केंद्रों पर शर्ट की बांहें खुलवाकर और जूते उतरवाकर भी तलाशी ली गई, ताकि किसी प्रकार की अनुचित सामग्री परीक्षा कक्ष तक न पहुंच सके।
कंट्रोल रूम से हो रही लाइव मॉनिटरिंग
परीक्षा (UP Police) प्रक्रिया की निगरानी के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से सभी केंद्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। एआई तकनीक से लैस कैमरों के जरिए संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था भी की गई है।
छह पालियों में होगी UP Police परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 8 जून से 10 जून तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा (UP Police) प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। तीन दिनों में कुल छह पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक पाली में करीब 22 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पर्यवेक्षक और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट
परीक्षा (UP Police) के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस, एसटीएफ, एलआईयू और अन्य खुफिया एजेंसियों को भी सक्रिय रखा गया है। सभी केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की संभावना को रोका जा सके।
अभ्यर्थियों को परिवहन में मिली राहत
प्रदेश सरकार की ओर से परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को विशेष सुविधा भी प्रदान की गई है। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र को दिखाकर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
परीक्षार्थियों (UP Police) की सुविधा के लिए पुलिस विभाग ने सभी परीक्षा केंद्रों की लोकेशन से जुड़े बारकोड जारी किए हैं। अभ्यर्थियों ने बारकोड स्कैन कर आसानी से अपने केंद्रों तक पहुंचकर परीक्षा में भाग लिया। इससे उन्हें अपरिचित स्थानों पर केंद्र खोजने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। प्रशासन का दावा है कि पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं तथा परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा रही है।

