Varanasi: सारनाथ थाना क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सदर तहसील के एक संविदाकर्मी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, भतीजा और टोटो चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार और बेकाबू स्कॉर्पियो ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान जयरामपुर निवासी राजेश विश्वकर्मा (36) के रूप में हुई है, जो सदर तहसील (Varanasi) में संविदा पर लिपिक के पद पर कार्यरत थे। उनके साथ पत्नी नेहा विश्वकर्मा (32) और 12 वर्षीय भतीजा अनिकेत विश्वकर्मा भी टोटो में सवार थे।
अयोध्या दर्शन कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, राजेश विश्वकर्मा अपने परिवार (Varanasi) के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन कर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वहां से वे टोटो के जरिए अपने घर जयरामपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सारनाथ क्षेत्र में उनकी टोटो दुर्घटना का शिकार हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो (UP65BA6005) अत्यधिक तेज रफ्तार में थी और उसने सामने चल रहे टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो और उसमें सवार लोग लगभग 20 फीट दूर जा गिरे।
Varanasi:चार लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में टोटो चालक सुनील राजभर, निवासी सारंग तालाब, तथा उसका साथी शोएब, निवासी पुरानापुल, भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर सारनाथ पुलिस मौके (Varanasi) पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने राजेश विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया। अन्य चारों घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के पिता घनश्याम विश्वकर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने आरोपी चालक शुभम पटेल पुत्र सेवालाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई (Varanasi) कर रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। एक धार्मिक यात्रा से लौट रहे परिवार पर आई इस त्रासदी ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है।

