Varanasi: लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकूलगंज इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने मंगलवार सुबह हिंसक रूप ले लिया। एक महिला ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों ने पुलिस की मौजूदगी में उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार हुकूलगंज (Varanasi) निवासी सुनीता जायसवाल, पत्नी स्वर्गीय बृजेश जायसवाल, का अपने पड़ोसियों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है। पति के निधन के बाद से दोनों पक्षों के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर तनाव और कहासुनी की घटनाएं होती रही हैं।
पीड़िता के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब छह बजे किसी विवाद की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले राहुल, रोहित और उनके एक अन्य साथी ने छत पर शराब की खाली बोतल फेंके जाने के विवाद को लेकर उनके बेटे देवा जायसवाल और देवर बब्लू जायसवाल से कहासुनी शुरू कर दी।
दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद मारपीट
बताया जा रहा है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद मारपीट शुरू हो गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उनके बेटे और देवर के साथ मारपीट की। जब वह बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
सुनीता जायसवाल का कहना है कि आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के सामने ही उनके बाल खींचे, उन्हें जमीन पर गिरा दिया और मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनके बेटे देवा जायसवाल को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके अलावा मारपीट के दौरान उनके गले से सोने की चेन भी गायब हो गई, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की है।
Varanasi: सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लिया
घटना के दौरान हुई पूरी मारपीट और हंगामे की तस्वीरें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे (Varanasi) में रिकॉर्ड हो गईं। बताया जा रहा है कि फुटेज में विवाद और मारपीट की घटनाएं स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और उसकी पड़ताल की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल पक्ष का चिकित्सीय परीक्षण कराया। इसके बाद पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में लालपुर-पांडेयपुर (Varanasi) थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद (Varanasi) की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में पुलिस पूरे मामले के पुराने विवादों और वर्तमान घटनाक्रम की भी जांच कर रही है, ताकि वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

