काशी दौरे पर पहुंचे CM योगी, केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याणकारी कार्यक्रम में होंगे शामिल, लाभार्थियों से करेंगे संवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष जनकल्याणकारी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM) गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। पुलिस लाइन मैदान में हेलीकॉप्टर उतरने पर मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री (CM) चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वह केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे।

CM लाभार्थियों को सौंपेंगे प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र

कार्यक्रम में पीएम स्वनिधि योजना, स्ट्रीट वेंडर योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM) पात्र लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, स्वीकृति पत्र और अन्य सहायता सामग्री वितरित करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

प्रदर्शनी और विभागीय स्टॉलों का करेंगे निरीक्षण

मुख्यमंत्री (CM) कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण भी करेंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

बाल विकास एवं महिला कल्याण, कृषि, उद्यान, पर्यटन, नेडा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना, हथकरघा एवं श्रम, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, सेवायोजन, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग समेत कई विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे।

ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों की दिखेगी झलक

जिलाधिकारी के अनुसार कार्यक्रम में ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) और जीआई टैग प्राप्त उत्पादों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। वाराणसी की प्रसिद्ध लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और बनारसी पान के स्टॉल आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी और अन्य पारंपरिक बनारसी उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं का भी मिलेगा लाभ

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। यहां ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण, सामान्य ओपीडी, आयुष्मान कार्ड निर्माण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए चिकित्सकों की विशेष टीम भी तैनात रहेगी, जो आवश्यक प्रमाणपत्र जारी करने के साथ उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता करेगी।

मुख्यमंत्री (CM) अपने दौरे के दौरान सर्किट हाउस में शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। इसमें दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना और अन्य सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा वह काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में निर्माणाधीन नेशनल एजिंग सेंटर का निरीक्षण करेंगे और वहां आयोजित विज्ञान भारती के सातवें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभव साझा करना है। प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने और पात्र लोगों को लाभ से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles