वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोलकाता में ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर हुई विशाल रैली को लेकर काशी के बंगाली समाज में जबरदस्त जोश देखा गया। पांडेय हवेली स्थित बंगाली टोला इंटर कॉलेज में सैकड़ों लोग जमा हुए और पीएम के संबोधन का लाइव प्रसारण सुना। इस दौरान महिलाओं और पुरुषों ने एक स्वर में कहा कि जैसे ही बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा होगी, वे भाजपा और पीएम मोदी के ‘मिशन बंगाल’ के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे।

समाज की सदस्य सारबानी धारा ने कहा, “पीएम मोदी ने देश के लिए जो काम किए हैं, वे बेमिसाल हैं। ममता बनर्जी का कोई भी दांव अब उनके सामने नहीं चलेगा, चाहे एलपीजी का मुद्दा हो या कोई और। बंगाल में लोग मौजूदा सरकार से डरे हुए हैं।” तनुश्री मुखर्जी ने जोर देकर कहा कि बनारस का पूरा बंगाली समाज पीएम मोदी के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने अपील की कि बंगाल के लोगों को अब जागना चाहिए और ममता बनर्जी को सत्ता से हटाना चाहिए।
अनीता चौधरी ने बताया कि काशी की बंगाली महिलाएं पूरी तरह से तैयार हैं। वे अपने रिश्तेदारों से लगातार संपर्क में हैं और भाजपा के पक्ष में माहौल बना रही हैं। उन्होंने कहा, “जैसे ही आदेश मिलेगा, हम सभी चुनाव प्रचार के लिए काशी से बंगाल रवाना हो जाएंगी।”
वाराणसी बंगीय समाज के अध्यक्ष देवाशीष दास ने कहा कि उनके कई सदस्य पहले भी बंगाल जाकर प्रचार कर चुके हैं। इस बार चुनाव में हमारी भूमिका और भी अहम होगी। हमारा लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश और काशी के विकास की कहानी बंगाल के हर घर तक पहुंचे।
नवसंघ के अध्यक्ष असित कुमार दास ने जानकारी दी कि चुनाव घोषणा के साथ ही काशी से 15-15 लोगों की टीमें प्रचार के लिए बंगाल भेजी जाएंगी। समाज ने इसकी विस्तृत रणनीति बनाई है। ये टीमें वहां डोर-टू-डोर संपर्क करेंगी और पीएम के मिशन को कामयाब बनाने में जुटेंगी। आज का सामूहिक कार्यक्रम भी इसी एकजुटता को दिखाने के लिए था।

