Varanasi News: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कवीन्द्र गुप्ता ने रविवार को काशी प्रवास के दौरान लहरतारा स्थित कबीर प्राकट्य स्थल पर पहुंचकर मत्था टेका और संत कबीरदास को नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संत कबीरदास के विचार आज भी पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं और उनके संदेश समाज में प्रेम, समानता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि काशी में स्थित संत कबीर की पावन जन्मस्थली पर आकर वे स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति लोगों को प्रेम और भाईचारे का संदेश देती है।
पारंपरिक तरीके से हुआ स्वागत
कबीर प्राकट्य स्थल पहुंचने पर राज्यपाल का डमरू वादन और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर गोविंददास शास्त्री, सुमीत सिंह, विनय पांडेय और आशीष गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे।
दशाश्वमेध घाट पर देखी गंगा आरती
काशी प्रवास के दौरान राज्यपाल कवीन्द्र गुप्ता ने पत्नी और परिवार के साथ दशाश्वमेध घाट पहुंचकर मां गंगा की भव्य आरती के दर्शन भी किए। गंगा सेवा निधि के विजिटर बुक में उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती का दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है और वे स्वयं को भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।
गंगा सेवा निधि ने किया सम्मान
दशाश्वमेध घाट पहुंचने पर गंगा सेवा निधि के पदाधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव सुरजीत सिंह और सचिव हनुमान यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

