मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) मंगलवार सुबह मीरजापुर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए और आगामी वासंतिक नवरात्र मेले की तैयारियों की समीक्षा की।
CM योगी का हेलीकॉप्टर सुबह करीब 11 बजे विंध्याचल स्थित मोतिया झील हेलीपैड पर उतरा। यहां से वे सीधे मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में उनका भव्य स्वागत सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा और मंदिर के पुरोहितों ने किया। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए और आशीर्वाद लिया।
दर्शन के बाद CM योगी ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से नवरात्र मेले की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर खास जोर दिया। बैठक में मेला क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल और बिजली व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय, देवरी कला का निरीक्षण करने जाएंगे, जहां वे विश्वविद्यालय के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
नवरात्र में लाखों श्रद्धालु आते हैं विंध्याचल
हर साल वासंतिक नवरात्र के दौरान विंध्याचल आस्था का प्रमुख केंद्र बन जाता है। देशभर से लाखों श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने यहां पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री की इस यात्रा को मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। प्रशासन को उम्मीद है कि CM योगी के इस दौरे के बाद नवरात्र मेले की सभी व्यवस्थाएं और मजबूत हो जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

