काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में एक बार फिर छात्र सुरक्षा और परिसर के माहौल को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हिंदी विभाग के परास्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत मिश्र के साथ कथित तौर पर जाति पूछकर मारपीट का मामला सामने आया है।
पीड़ित छात्र का आरोप है कि समाजवादी छात्र सभा की बीएचयू इकाई के अध्यक्ष हिमांशु यादव ने क्लास के अंदर ही उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद छात्र ने लंका थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
BHU: क्लास में हुई घटना
प्रशांत मिश्र ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे वह कक्षा (BHU) में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी हिमांशु यादव वहां पहुंचे और उससे उसकी जाति और कोर्स के बारे में पूछताछ करने लगे। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने अचानक मारपीट शुरू कर दी और गाली देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना (BHU) कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिससे जांच में अहम साक्ष्य मिलने की उम्मीद है। मामले की पुष्टि करते हुए लंका थाने के इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

