धार्मिक नगरी वाराणसी में शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान भगवान के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने सबसे पहले ‘काशी के कोतवाल’ माने जाने वाले काल भैरव मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री (CM Yogi) काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां गर्भगृह में प्रवेश कर उन्होंने बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन-अभिषेक किया। पूजा के दौरान उन्होंने लोकमंगल और प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
CM Yogi ने दुकानदारों से किया संवाद
पूजा-अर्चना के बाद सीएम योगी (CM Yogi) ने मंदिर परिसर के आसपास मौजूद दुकानदारों और बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री के सहज और आत्मीय व्यवहार से स्थानीय लोग काफी उत्साहित नजर आए और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया।
इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, अनिल राजभर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री संदीप सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे हैं। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ-साथ धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन कर रहे हैं।

