Varanasi: धार्मिक नगरी वाराणसी में यात्रियों और श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर ठगी और अभद्रता करने वाली एक महिला गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कैंट रेलवे स्टेशन के पास सक्रिय इस गिरोह की 10 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह गैंग खासतौर पर बाहर से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को अपने जाल में फंसाती थी। आरोपी महिलाएं पहले झूठे बहाने बनाकर लोगों से पैसे मांगती थीं और जब कोई मना करता था, तो उसके साथ अभद्रता, दबाव और कई बार मारपीट तक की जाती थी।
Varanasi: लगातार मिल रही थी शिकायत
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सिगरा थाना क्षेत्र की पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाके में निगरानी बढ़ाई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से सभी 10 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि यह गैंग लंबे समय से इसी इलाके में सक्रिय था और बाहरी यात्रियों को आसान निशाना बनाता था। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

