Varanasi: यूपी बोर्ड के छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए 22 अप्रैल को पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज में पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में NCERT की किताबें सस्ती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शासन स्तर पर तीन एजेंसियों को किताबों की बिक्री की जिम्मेदारी दी गई है। मेले में कुल 32 प्रकार की किताबें उपलब्ध होंगी। यह मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
Varanasi: महंगी किताबों की शिकायत के बाद पहल
हाल ही में शिकायतें सामने आई थीं कि कुछ स्कूलों में अनधिकृत किताबें ऊंचे दामों पर बेची जा रही हैं, जो निर्धारित कीमत से 149% से 361% तक महंगी थीं। इसके बाद उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (Varanasi) के सचिव भगवती सिंह ने जांच के निर्देश दिए थे और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की बात कही थी।
क्वींस कॉलेज (Varanasi) के प्रिंसिपल सुमीत कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, अलग-अलग कक्षाओं के लिए अलग स्टॉल लगाए जाएंगे, ताकि छात्रों को किताबें खरीदने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस बार NCERT की किताबों में नया प्रयोग किया गया है। हर किताब के कवर पेज पर सात अंकों का अल्ट्रा वायलेट फ्लोरोसेंट लाल रंग का सीरियल नंबर होगा। जिन किताबों पर यह नंबर नहीं होगा, उन्हें अनधिकृत माना जाएगा।

