कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) ने बुधवार को अपनी पत्नी रीना राय के साथ काशी में प्रेस वार्ता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने नारी सम्मान के मुद्दे पर भाजपा पर दिखावा करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री को खुला चैलेंज दिया।
प्रेस वार्ता के दौरान अजय राय (Ajay Rai) ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री में साहस है, तो वे अपने आगामी काशी दौरे पर अपनी पत्नी यशोदा बेन को साथ लेकर आएं और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करें। उन्होंने कहा कि इससे ही वास्तविक रूप में नारी सम्मान का संदेश जाएगा।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर उठाए सवाल
अजय राय (Ajay Rai) ने आरोप लगाया कि भाजपा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर राजनीति कर रही है। उनके अनुसार, महिला आरक्षण बिल पहले ही 2023 में पारित हो चुका है, लेकिन उसे लागू करने के बजाय भाजपा इसे चुनावी मुद्दा बना रही है।
यह केवल चुनावी स्टंट’– Ajay Rai
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस कानून के नाम पर लोगों को भ्रमित कर रही है। अजय राय ने इसे चुनावी स्टंट करार देते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान के नाम पर केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।
अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को काशी दौरे पर आने वाले हैं, जहां वे बड़ी संख्या में महिलाओं से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 50 हजार नहीं, बल्कि 5 लाख महिलाओं का सम्मान करें, लेकिन जब तक वे अपनी पत्नी का सम्मान नहीं करते, तब तक यह कार्यक्रम अधूरा रहेगा।
अजय राय (Ajay Rai) ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित ‘नारी शक्ति अभिनंदन’ कार्यक्रम को ढकोसला बताते हुए कहा कि यह केवल दिखावे के लिए आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री को अपनी पत्नी के साथ काशी आकर बाबा विश्वनाथ के दरबार में माथा टेकना चाहिए, तभी नारी सम्मान की बात सार्थक होगी।

