वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) स्थित बिरला-ए छात्रावास में देर रात हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस घटना में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी परमहंस यादव घायल हो गए, जिन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
प्राक्टोरियल बोर्ड (BHU) की तहरीर पर लंका थाने में ओम शुक्ला, समर्थ शर्मा, प्रियांश, प्रनव और हिमांशु समेत अन्य अज्ञात छात्रों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई घायल सुरक्षाकर्मी की शिकायत के आधार पर की गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन (BHU) ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके।
BHU: आरोपियों की तलाश में दबिश जारी
लंका थाना पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने BHU छात्रों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि विश्वविद्यालय का शैक्षणिक माहौल प्रभावित न हो।

