Varanasi: थाना फूलपुर क्षेत्र के घमहापुर गांव में सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद में मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 28 अप्रैल 2026 को की गई।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में मु0अ0सं0 132/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्तों में मनोज प्रजापति (29), हरिश्चंद्र राजभर (60), योगेंद्र प्रजापति (25) और अभिषेक उर्फ बुद्धू (41) शामिल हैं। सभी आरोपी घमहापुर गांव के ही निवासी हैं।
Varanasi: क्या था पूरा मामला?
घटना 26 अप्रैल 2026 की है, जब टाटा अल्ट्रोज कार (GJ15CQ7194) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बर्तन धो रही बिंदू देवी को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गईं। हादसे के बाद महिला के परिजनों और स्थानीय लोगों ने कार चालक मनीष सिंह पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनीष को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर BHU (Varanasi) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने 8 नामजद और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और थाना फूलपुर की संयुक्त टीम (Varanasi) लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

