BHU से जुड़े दो छात्र गुटों के बीच सोमवार देर शाम सीर गेट इलाके में जमकर बवाल हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट के साथ ईंट-पत्थर भी चले। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सीर गेट के पास स्थित एक चाय की दुकान पर चार युवक बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक से करीब दस युवक वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि बाइक सवार युवकों (BHU) ने पहले हमला किया, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने भी जवाबी हमला कर दिया।
पत्थरबाजी होने पर दुकानदारों ने गिराए शटर
देखते ही देखते दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे और फिर सड़क किनारे पड़े ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल होने लगा। अचानक शुरू हुई पत्थरबाजी से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे, जबकि कई दुकानदारों ने डर के चलते अपनी दुकानें बंद कर दीं।
BHU: पुलिस पहुंचने से पहले युवक फरार
स्थानीय लोगों की सूचना पर लंका थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष के युवक वहां से भाग चुके थे। घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
सूत्रों के अनुसार, झड़प में शामिल दोनों गुट बीएचयू के छात्र बताए जा रहे हैं। हालांकि देर रात तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि घटना (BHU) में शामिल युवकों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

