Varanasi: शिवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और एक शातिर चेन स्नेचर के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस अपाचे बाइक बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भेलूपुर के किरहिया निवासी बादल साहनी पुत्र अनिल साहनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह शिवपुर क्षेत्र में महिलाओं से चेन लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा है। घायल आरोपी को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
Varanasi: आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह शिवपुर इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ रिंग रोड स्थित सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास (Varanasi) के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार एक युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने के दौरान बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
पुलिस (Varanasi) ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, 3630 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में बादल साहनी ने कबूल किया कि उसने अपने साथी अमन यादव के साथ मिलकर 30 अप्रैल 2026 को शिवपुर के विश्वनाथपुरी कॉलोनी में एक महिला के गले से चेन लूटी थी। वारदात के बाद दोनों आरोपी सेंट्रल जेल रोड की ओर फरार हो गए थे। आरोपी ने बताया कि लूटी गई चेन को एक ज्वैलर्स के यहां बेच दिया गया था और मिले पैसों का कुछ हिस्सा नशे में खर्च कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक का इस्तेमाल कर वारदातों को अंजाम देते थे और क्षेत्र में फिर से लूट की योजना बना रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। वहीं फॉरेंसिक टीम (Varanasi) ने घटनास्थल से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए हैं।

