Varanasi: लोहता थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब जयमाल के दौरान दुल्हन का प्रेमी समारोह में पहुंच गया। गांव वालों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी, लेकिन तभी दुल्हन स्टेज से उतरकर उसके सामने खड़ी हो गई और बोली— “मेरे पवन को कोई हाथ मत लगाना, अगर मारना है तो मुझे मारो।”
दुल्हन की यह बात सुनकर शादी समारोह में मौजूद लोग हैरान रह गए। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और दूल्हा पक्ष बिना शादी किए ही बारात वापस लेकर लौट गया। बाद में पुलिस चौकी में घंटों चली पंचायत के बाद युवती की शादी उसके प्रेमी से कराने पर सहमति बन गई।
Varanasi: जानिए क्या है पूरा मामला
मामला छीतौनी गांव (Varanasi) का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले पारस राजभर ने अपनी बेटी की शादी रोहित कुमार के साथ तय की थी। गुरुवार रात बारात गांव पहुंची और शादी की रस्में चल रही थीं। जयमाल की तैयारी के बीच भटौली गांव निवासी पवन राजभर अचानक शादी समारोह में पहुंच गया।
बताया गया कि पवन ने दुल्हन से शादी करने की बात कही, जिसके बाद गांव वालों ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान दुल्हन स्टेज से नीचे उतरकर मौके पर पहुंची और प्रेमी को बचाने लगी। उसने सभी के सामने स्वीकार किया कि वह पिछले कई वर्षों से पवन के साथ रिश्ते में है।
घटना के बाद दोनों परिवारों (Varanasi) के बीच तनाव बढ़ गया और दूल्हा पक्ष नाराज होकर बारात वापस ले गया। इसके बाद दोनों पक्ष कोटवां पुलिस चौकी पहुंचे, जहां युवती के पिता ने आरोप लगाया कि पवन ने शादी समारोह में पहुंचकर पूरे कार्यक्रम को खराब कर दिया और परिवार को सामाजिक व आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
वहीं युवती और पवन ने पुलिस को संयुक्त प्रार्थना पत्र देकर बताया कि दोनों पिछले छह वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और अपनी मर्जी से शादी करना चाहते हैं। युवती ने यह भी कहा कि परिवार उसकी इच्छा के खिलाफ दूसरी जगह शादी करा रहा था।
मोहम्मद परवेज की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत हुई। आखिरकार परिवार वाले युवती की शादी उसके प्रेमी पवन से कराने के लिए तैयार हो गए। शुक्रवार शाम दोनों की मंदिर में शादी करा दी गई, जबकि 11 मई 2026 को कोर्ट मैरिज कराने का निर्णय लिया गया है। दिगम्बर उपाध्याय ने बताया कि बातचीत और सहमति के बाद दोनों परिवारों (Varanasi) के बीच समझौता हो गया है और युवती की शादी उसके प्रेमी से करा दी गई है।

