वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘पेट्रोल बचाओ’ आह्वान को लेकर BJP काशी क्षेत्र पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने अनोखा जागरूकता अभियान चलाया। गुरुवार सुबह नई सड़क स्थित कोदई चौकी से इलेक्ट्रिक स्कूटी जुलूस निकालकर लोगों को ईंधन बचाने और वैकल्पिक ऊर्जा अपनाने का संदेश दिया गया।
BJP ने निकाली इलेक्ट्रिक स्कूटी रैली
अभियान का नेतृत्व BJP पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनुप जायसवाल ने किया। इलेक्ट्रिक स्कूटी रैली कोदई चौकी से शुरू होकर गिरजाघर स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल भरवाने आए लोगों का माल्यार्पण कर उनसे पेट्रोल की खपत कम करने की अपील की। साथ ही वाहनों पर जागरूकता से जुड़े स्टिकर भी लगाए गए।

रैली के दौरान कार्यकर्ता “देश हित के वास्ते मोदी जी के रास्ते” जैसे नारे लगाते हुए लोगों को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक करते नजर आए। BJP कार्यकर्ताओं ने लोगों से कहा कि जहां तक संभव हो इलेक्ट्रिक और बैटरी चालित वाहनों का उपयोग करें तथा छोटी दूरी के लिए पैदल चलने और कार पूलिंग जैसी आदतों को अपनाएं।
जहाँ जरूरत हो, वहीं करें ईंधन का प्रयोग
उपाध्यक्ष अनुप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशहित में पेट्रोल बचाने का आह्वान किया है और इसी उद्देश्य से काशी की जनता को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईंधन की बचत ही असली देश सेवा है। पेट्रोल और डीजल की खपत कम करके देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सकती है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही ईंधन का उपयोग करें और भविष्य को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता दें। अभियान के दौरान भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

