Varanasi: शहर के राजघाट क्षेत्र में मंगलवार देर रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किला कोना-भदऊ चुंगी इलाके में स्थित एक पुरानी मस्जिद को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और पीएसी जवानों की तैनाती की गई थी।
मॉडल रेलवे स्टेशन परियोजना से जुड़ा मामला
प्रशासनिक अधिकारियों (Varanasi) के अनुसार, संबंधित भूमि रेलवे विभाग की है और काशी रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण एवं विस्तार परियोजना के अंतर्गत इसे खाली कराया गया है। बताया गया कि स्टेशन को मॉडल रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना के तहत लंबे समय से भूमि संबंधी प्रक्रिया चल रही थी।
कार्रवाई के लिए देर रात कई बुलडोजर और डंपर लगाए गए। प्रशासन ने मस्जिद के ढांचे को हटाने के साथ ही मौके से मलबा (Varanasi) भी साफ करा दिया। पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
Varanasi: वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
अधिकारियों का कहना है कि भूमि स्वामित्व को लेकर रेलवे विभाग द्वारा पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। मामला न्यायालय तक भी पहुंचा था। न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेलवे प्रशासन की ओर से भूमि खाली कराने की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
मौके पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), डीसीपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और अभियान (Varanasi) की निगरानी करते रहे। प्रशासन ने दावा किया कि पूरी कार्रवाई नियमानुसार और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए की गई।
गौरतलब है कि काशी रेलवे स्टेशन (Varanasi) को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना के तहत आसपास के क्षेत्रों में अधोसंरचनात्मक कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भूमि खाली कराने की प्रक्रिया भी जारी है।

