उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा (UP Police) के अंतिम चरण में वाराणसी एक बार फिर देश के प्रमुख प्रतियोगी परीक्षा केंद्रों में शामिल नजर आया। 8 से 10 जून तक आयोजित हुई भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन बुधवार को जिले के 50 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष बात यह रही कि परीक्षा देने पहुंचे उम्मीदवारों में बड़ी संख्या बिहार के विभिन्न जिलों से आए युवाओं की थी। इसके चलते वाराणसी के रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर असाधारण भीड़ देखने को मिली तथा बिहार जाने वाली अधिकांश ट्रेनें पूरी तरह भरी रहीं।
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें सुबह से ही दिखाई दीं। बिहार से आए कई अभ्यर्थियों (UP Police) ने बताया कि उत्तर प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शी प्रक्रिया और निष्पक्ष चयन प्रणाली उन्हें आकर्षित करती है। यही वजह है कि वे सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा कर परीक्षा देने वाराणसी पहुंचे हैं।
बिहार से आई अभ्यर्थी आरती कुमार ने बताया कि वह बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में तीन बार शामिल हो चुकी हैं, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं के बीच सकारात्मक विश्वास बना है, इसलिए उन्होंने यहां आवेदन किया और परीक्षा देने आईं।
बक्सर निवासी अभ्यर्थी विपुल कुमार पांडेय ने बताया कि वह इससे पहले उत्तर प्रदेश पुलिस (UP Police) की 60 हजार पदों वाली भर्ती परीक्षा में भी शामिल हुए थे, लेकिन चयन सूची में स्थान नहीं बना। उन्होंने कहा कि बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक तथा भौगोलिक समानता के कारण यहां नौकरी मिलने पर उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और वह प्रदेश में सेवा देने के लिए तैयार हैं।
भर्ती परीक्षा में महिला उम्मीदवारों की भागीदारी भी काफी उत्साहजनक रही। बिहार के आरा, बक्सर, पटना, सासाराम और अन्य जिलों से आई कई महिला अभ्यर्थियों ने बताया कि वे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार प्रयास कर रही हैं और अब उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के माध्यम से सरकारी सेवा में आने का सपना देख रही हैं।
आरा निवासी अभ्यर्थी सुभाष कुमार ने कहा कि यह उनकी पहली उत्तर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा है। उन्होंने बताया कि परीक्षा का स्तर संतुलित रहा और उन्हें अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
UP Police: दो पालियों में संपन्न हुई परीक्षा
भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन भी परीक्षा (UP Police) दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चली। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले बहुस्तरीय जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। पहचान पत्र सत्यापन, बायोमेट्रिक जांच और सुरक्षा जांच के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति दी गई।
पहले और दूसरे दिन लगभग 29 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
भर्ती परीक्षा के पहले दिन 8 जून को कुल 44,064 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से लगभग 29 प्रतिशत उम्मीदवार परीक्षा में शामिल नहीं हुए। पहली पाली में 22,032 अभ्यर्थियों में से 6,560 अनुपस्थित रहे, जबकि 15,472 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में 15,339 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
इसी प्रकार दूसरे दिन भी अनुपस्थित रहने वालों का प्रतिशत लगभग समान रहा। पहली पाली में 15,587 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि करीब 29.26 प्रतिशत उम्मीदवार अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी 28.68 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भीड़
परीक्षा समाप्त होने के बाद वाराणसी जंक्शन, बनारस स्टेशन, मंडुवाडीह और कैंट रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी बिहार के विभिन्न जिलों की ओर लौटते दिखाई दिए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार पिछले तीन दिनों के दौरान बिहार रूट की ट्रेनों में यात्रियों (UP Police) की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही। कई ट्रेनों में सामान्य कोचों के साथ-साथ आरक्षित डिब्बों में भी यात्रियों की भीड़ देखने को मिली।
राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रहा यूपी की भर्तियों का आकर्षण
प्रतियोगी परीक्षाओं (UP Police) में बिहार सहित अन्य राज्यों के युवाओं की बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि उत्तर प्रदेश की सरकारी भर्तियां अब केवल प्रदेश तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं को आकर्षित कर रही हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, बड़े पैमाने पर रिक्तियों की उपलब्धता और समयबद्ध चयन प्रणाली के कारण उत्तर प्रदेश की प्रतियोगी परीक्षाएं अब पड़ोसी राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए भी एक बड़ा अवसर बनती जा रही हैं। अब लाखों अभ्यर्थियों की नजर परीक्षा परिणाम और आगामी चयन प्रक्रिया (UP Police) पर टिकी हुई है, जो उनके भविष्य की दिशा तय करेगी।

