Varanasi: चौबेपुर थाना क्षेत्र के लूठा खुर्द गांव में गुरुवार सुबह मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। मिट्टी ढोने को लेकर शुरू हुए विवाद के दौरान दो पक्षों में मारपीट हुई और कथित रूप से पिस्टल से फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गर्भवती महिला समेत कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह रितेश गुप्ता अपने छोटे भाई के साथ मिट्टी ढोने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और विपक्षी पक्ष (Varanasi) के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में रितेश के छोटे भाई के हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची एक गर्भवती युवती भी घायल हो गई। उसका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
विवाद में वृद्ध को लगी गोली
घायल (Varanasi) पक्ष की बहू संजू गुप्ता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके पति दिलीप गुप्ता और ससुर लल्लू गुप्ता मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान आरोपित पक्ष का एक युवक पिस्टल लेकर पहुंचा और फायरिंग कर दी। आरोप है कि चली गोली लल्लू गुप्ता को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
Varanasi: गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर
घटना के बाद परिजन घायल वृद्ध को तत्काल नरपतपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को मौके से दो खोखा कारतूस मिले, जिन्हें कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
तीन आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार, दिलीप गुप्ता की तहरीर के आधार पर गांव के अनिरुद्ध पांडे, अरुण पांडे और आयुष पांडे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि तीनों ने मारपीट की और विरोध करने पर अरुण पांडे ने पिस्टल से फायरिंग की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार और एडिशनल पुलिस कमिश्नर लिपि नाग्याच भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों (Varanasi) ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।
गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
घायल वृद्ध की बहू संजू गुप्ता ने आरोप लगाया कि उनके परिवार पर बिना किसी कारण हमला किया गया। उन्होंने कहा कि उनके बेटों और गर्भवती बेटी के साथ मारपीट की गई और जब परिवार के बुजुर्ग बचाव के लिए पहुंचे तो उन पर गोली चला दी गई। परिवार ने आरोपियों (Varanasi) के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फायरिंग की घटना के पीछे की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।

