नई दिल्ली: ईरान-इजरायल युद्ध के बीच मची अस्थिरता और हवाई क्षेत्र में लगी पाबंदियों के बावजूद यात्रियों के लिए बड़ी राहत वाली खबर आई है। भारत की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो (Indigo) ने मिडिल ईस्ट के कई शहरों से भारत के लिए उड़ानें धीरे-धीरे बहाल करना शुरू कर दिया है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अपडेट जारी करते हुए बताया कि मध्य पूर्व और यूरोप के चुनिंदा रूट्स पर सेवाएं फिर से शुरू की जा रही हैं।
Indigo ने क्या कहा?
इंडिगो ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में स्पष्ट किया कि क्षेत्र में स्थिति लगातार बदल रही है, इसलिए कंपनी संबंधित अधिकारियों और एविएशन अथॉरिटीज के साथ मिलकर काम कर रही है। धीरे-धीरे नेटवर्क को सुरक्षित तरीके से बहाल किया जा रहा है। एयरलाइन ने ग्राहकों की धैर्य और समझदारी की सराहना भी की है।
किन शहरों के बीच चलेंगी फ्लाइट्स?
इंडिगो की बहाल हो रही उड़ानें मुख्य रूप से यूएई (दुबई, अबू धाबी), सऊदी अरब (जेद्दा, रियाद, मदीना), ओमान (मस्कट) जैसे प्रमुख गंतव्यों से भारत के इन शहरों को जोड़ रही हैं:
- दिल्ली
- मुंबई
- बेंगलुरु
- हैदराबाद
- कोझिकोड (कालीकट)
कई अन्य शहरों से भी कनेक्टिविटी बहाल हो रही है, जैसे अहमदाबाद, कोच्चि आदि। कंपनी ने 16 से 28 मार्च 2026 तक की उड़ानों की लिस्ट जारी की है, जो बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं। ये फ्लाइट्स सुरक्षा मंजूरी और मौजूदा स्थिति के आधार पर संचालित होंगी।
यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सलाह इंडिगो ने ग्राहकों से अपील की है कि वे इन बातों का विशेष ध्यान रखें:
- उड़ान शेड्यूल में कम नोटिस पर बदलाव संभव है।
- कन्फर्म PNR वाले यात्रियों को सहायता चाहिए तो कस्टमर कॉन्टैक्ट सेंटर पर संपर्क करें: +91 124 6173838।
- कंपनी इस बदलती स्थिति में यात्रियों का पूरा सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पिछले दिनों इंडिगो (Indigo) ने 12 मार्च से शुरू करके 8-9 मिडिल ईस्ट डेस्टिनेशन्स पर फ्लाइट्स ऑपरेट की थीं, और अब मार्च के मध्य तक और विस्तार की उम्मीद है। हालांकि, यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस की जांच जरूर करें, क्योंकि क्षेत्रीय तनाव के कारण एयरस्पेस और शेड्यूल प्रभावित हो सकते हैं।

