Varanasi News: सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था और अनुशासन पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के दीन दयाल उपाध्याय जिला अस्पताल से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें पैथोलॉजी लैब के अंदर ड्यूटी के दौरान कुछ कर्मचारी कथित तौर पर शराब और मुर्गे की पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
वीडियो में दावा किया जा रहा है कि अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में तैनात कुछ कर्मचारी ड्यूटी के समय ही लैब के अंदर बैठकर जश्न मना रहे थे। जिस जगह मरीजों के ब्लड सैंपल और जांच की प्रक्रिया होती है, उसी परिसर में पार्टी करने का आरोप लगने से अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में
मामला सामने आने के बाद जिला अस्पताल प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरएस राम ने बताया कि वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है। यह समिति वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे कर्मचारियों की पहचान करेगी।
सीएमएस का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वीडियो पुराना बताया जा रहा है, जो पिछले साल जून या जुलाई का हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय वह इस अस्पताल में तैनात नहीं थे, फिर भी अस्पताल की साख और अनुशासन के लिहाज से मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है।
पैथोलॉजी लैब में होती है मरीजों की जांच
दीन दयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के क्षेत्रीय निदान केंद्र में रोजाना बड़ी संख्या में मरीजों के ब्लड सैंपल लिए जाते हैं और उनकी जांच रिपोर्ट तैयार की जाती है। ऐसे में लैब के अंदर इस तरह की गतिविधियों का आरोप सामने आना स्वास्थ्य व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े करता है।
दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच समिति वीडियो में मौजूद कर्मचारियों की पहचान करेगी। यदि जांच में यह साबित होता है कि ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में अनुशासनहीनता हुई है, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन वीडियो की सत्यता और उसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटा है।
ALSO READ – क्या पंडित अवसरवादी हैं? पुलिस भर्ती परीक्षा में विवादित सवाल- अजय राय ने कहा- भाजपा को इतनी नफरत क्यों..

