UP News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में नगर निगम परिसर में स्थापित काकोरी कांड के अमर बलिदानियों की प्रतिमाएं बुलडोजर से क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद शहर में लोगों का गुस्सा भड़क उठा है, वहीं राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम कार्यालय के पास स्मार्ट रोड निर्माण कार्य चल रहा है। इसी के तहत पुरानी प्रतिमाओं को हटाकर नई प्रतिमाएं स्थापित की जानी थीं। इस कार्य के लिए नगर निगम ने करीब 40 लाख रुपये की निविदा पर एक एजेंसी को ठेका दिया था।
आरोप है कि ठेकेदार ने नगर निगम अधिकारियों को बिना सूचित किए रविवार रात बुलडोजर से प्रतिमाएं हटाने की कोशिश की। इस दौरान लापरवाही के चलते प्रतिमाएं टूट गईं। घटना (UP News) की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। सोशल मीडिया पर भी कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें टूटी प्रतिमाएं डंपिंग ग्राउंड में पड़ी नजर आ रही हैं।
महापौर ने जताई नाराजगी
मामले के बढ़ने पर महापौर अर्चना वर्मा मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों को तलब कर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव अनीत कुमार त्रिवेदी ने भी इस घटना को गंभीर बताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शहीदों (UP News) की प्रतिमाओं के साथ इस तरह की लापरवाही जनभावनाओं को आहत करती है।
अखिलेश यादव ने साधा निशाना
इस मामले पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि सौंदर्यीकरण (UP News) कभी भी शहीदों के सम्मान से बड़ा नहीं हो सकता।
उन्होंने आरोप लगाया कि सौंदर्यीकरण के नाम पर शहीदों की प्रतिमाओं पर बुलडोजर चलाना एक खास मानसिकता को दर्शाता है और यह बेहद निंदनीय है। प्रशासन (UP News) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

