Varanasi: शहर के सिगरा क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार की रफ्तार और टक्कर की भयावहता साफ नजर आ रही है। घटना साजन तिराहे की है, जहां रात करीब साढ़े 9 बजे एक तेज रफ्तार कार अचानक पहुंची और सबसे पहले एक युवक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक करीब 5 फीट दूर जाकर गिरा।
इसके बाद अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे चल रहे तीन अन्य युवकों को भी टक्कर मार दी। इतना ही नहीं, कार आगे जाकर एक पिकअप वाहन से भी टकरा गई। हादसे (Varanasi) के बाद चालक ने कार को पीछे किया और मौके से फरार हो गया।
Varanasi: चार घायल, अस्पताल में भर्ती
सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस स्टेशन की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। हादसे में घायल चार लोगों में गाजीपुर के मिश्री बाजार निवासी संजय गुप्ता उर्फ गुड्डू (पुत्र अमरनाथ गुप्ता) और पीर सागर निवासी जाहुर अंसारी (पुत्र रज्जब अली) समेत अन्य शामिल हैं।
घायल संजय गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने कार संख्या UP 65 BX 0051 के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, सभी घायलों को अस्पताल (Varanasi) में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

